*मुख्यमंत्री के पीछे ईडी पड़ी है और वे भाग रहे हैं, संकल्प सभा में जानिए और क्या कहा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने*

रांची – झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने 17 अगस्त से जो संकल्प यात्रा शुरू की थी उसका 28 अक्टूबर को रांची में समापन हो गया इस समापन समारोह में जोश फूंकने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आए थे. जेपी नड्डा ने राज्य की हेमंत सरकार पर जबरदस्त हमला किया.
*जानिए जेपी नड्डा ने क्या कहा*
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सीधे तौर पर राज्य की हेमंत सरकार पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि यह सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है.उन्होंने यह भी कहा कि धर्मांतरण के नाम पर यह सरकार अपनी आंख मूंद लेती है यानी उसकी मौन सहमति है. आगे जेपी नड्डा ने यह भी आरोप लगाया कि आदिवासी के नाम पर सत्ता हासिल करने वाली हेमंत सरकार सबसे अधिक आदिवासी समाज का ही नुकसान पहुंचा रही है. यहां धर्म परिवर्तन के अलावा महिलाओं के साथ हिंसा की घटनाएं हो रही हैं.खनिज संसाधनों की तस्करी बेरोकटोक चल रही है. झामुमो कांग्रेस गठबंधन वाली सरकार ने कुर्सी इसलिए हासिल किया कि वे सेवा की जगह मेवा खा सकें.
*ईडी पीछे पड़ी है और मुख्यमंत्री भाग रहे हैं*
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि झारखंड एक ऐसा राज्य बन गया है जहां ईडी यानी प्रवर्तन निदेशालय मुख्यमंत्री के पीछे पड़ी है और मुख्यमंत्री भाग रहे हैं. किस राज्य में केंद्र के द्वारा दिया गया अनाज भी लूट लिया जा रहा है. अपराध की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
*जनता के सहयोग से 2024 में सत्ता परिवर्तन होगा*
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बाबूलाल मरांडी की संकल्प यात्रा के दौरान लोगों की जन भावना सामने आ गई है. फिर भी आज यह संकल्प लेने की जरूरत है कि 2024 में इस सरकार को सत्ता से बाहर कर देना है. झारखंड में भाजपा की सरकार में जनता सुखचैन से रहती है.
*क्या कहा बाबूलाल मरांडी ने*
- संकल्प यात्रा के इस समापन समारोह में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड की जनता ने मन बना लिया है कि अगले साल चुनाव के माध्यम से राज्य में सत्ता परिवर्तन कर देंगे. संकल्प यात्रा के दौरान लोगों ने अपने क्षेत्र की समस्या का वर्णन किया था. उन्होंने यह भी कहा कि आज संकल्प यात्रा समाप्त हुई है लेकिन अब संकल्प यह लेना है कि झारखंड की जन विरोधी सरकार को उखाड़ फेंकना है. इस कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश के अलावा प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा, सांसद आदित्य साहू समेत पार्टी के कई पदाधिकारी सांसद और विधायक मौजूद रहे. झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कहा है कि सत्ता से बाहर होने के बाद भाजपा नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है आदिवासी समाज इन्हें अब गांव में घुसने नहीं देगा. झारखंड से इनका नामोनिशान मिट जाएगा. पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता विनोद पांडे ने कहा कि भाजपा नेताओं को हेमंत फोबिया हो गया है.













