रांची- झारखंड के सभी 81 विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है.इसके लिए 11 सितंबर को सभी विधानसभा क्षेत्र में रायशुमारी की गई. रायशुमारी के दौरान उस क्षेत्र में रहने वाले भाजपा के नेता और कार्यकर्ताओं से उनके विचार मांगे गए. लिखित रूप में सभी ने एक डब्बे में अपनी पसंद के नाम लिखकर डाल दिए हैं.
यह डब्बा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय आ गया है.इस डब्बे में पुर्जा सुरक्षित रखा हुआ है.इसे बाद में खोला जाएगा और फिर यह देखा जाएगा कि अमुक विधानसभा क्षेत्र में कौन से व्यक्ति को पार्टी के कार्यकर्ता अधिक पसंद कर रहे हैं.

पार्टी के प्रदेश महामंत्री और राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा ने कहा कि भाजपा के अंदर आंतरिक लोकतंत्र है.यहां कार्यकर्ताओं की भावना की कदर की जाती है.कार्यकर्ताओं से यह सुझाव लिया जाता है कि उनके क्षेत्र के जनप्रतिनिधि के रूप में कौन सा व्यक्ति उपयुक्त होगा.पार्टी उस पर विचार करती है.रांची विधानसभा क्षेत्र और हटिया विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक भीड़ देखी गई. टिकट के दावेदारों ने खूब लाइजनिंग की.सभी लोग अपने लिए समर्थन जताने में लग रहे. सभी विधानसभा क्षेत्र के लिए दो-दो पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए थे.एक पर्यवेक्षक और दूसरा सह पर्यवेक्षक थे.पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र गए थे.आदित्य साहू सरायकेला, मनोज सिंह कोडरमा, अनंत ओझा गिरिडीह, रांची विधानसभा सीट पर गीता बलमुचू जैसे लोग को यह दायित्व मिला था.











