रांची- झारखंड लोक सेवा आयोग यानी जेपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा के पेपर लीक होने के मामले पर बयानबाजी जारी है.सत्ता पक्ष के लोगों का आरोप है कि कहीं ना कहीं झारखंड के साथ साजिश चल रही है.इधर भाजपा नेताओं का कहना है कि यह सरकार नौकरी बेचने के लिए ही बनी है.हेमंत सोरेन के समय भी नौकरियां बिक रही थी और आज भी चंपाई सोरेन के राज में यही कुछ हो रहा है.
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब सरकार ही नौकरी बेचती हो तो फिर राज्य के होनहार छात्रों का भविष्य क्या होगा.यह सरकार अब तक की सबसे निकृष्ट सरकार है.उधर भाजपा के प्रदेश महामंत्री और नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य प्रदीप वर्मा ने कहा कि झारखंड की गठबंधन सरकार में सबसे अधिक अगर कोई ठगाया है तो वह युवा वर्ग है.युवा वर्ग को हर तरह से ठगा गया है.हेमंत सोरेन ने चुनावी वादा किया था कि प्रत्येक वर्ष 5 लाख सरकारी नौकरी दी जाएगी लेकिन स्थिति तो यह है कि आज तक 5000 नौकरी भी 4 साल में नहीं मिली है.जेएसएससी और जेपीएससी के पेपर लीक कराने में भी कथित रूप से सरकार के ही लोगों का हाथ है.इसलिए राज्य की जनता खास कर युवाओं को यह महसूस हो रहा है कि यह सरकार यानी गठबंधन दलों की सरकार यानी झारखंड मुक्ति मोर्चा कांग्रेस और राजद की सरकार कभी भी युवाओं का भला नहीं कर सकती.झारखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है.हालत तो यह है कि प्रखंड से लेकर राज्य मुख्यालय तक भ्रष्टाचार के मामले लगातार सुनाई दे रहे हैं.प्रदीप वर्मा ने आगे कहा कि इस सरकार को जनता अपने संवैधानिक अधिकार यानी वोट के माध्यम से जवाब देगी.वर्तमान में लोकसभा चुनाव में राज्य के युवा गठबंधन के घटक दलों के प्रत्याशियों को सबक सिखाएगी.इसी साल झारखंड विधानसभा के लिए होने वाले चुनाव में भी राज्य के युवा गठबंधन सरकार को कुर्सी से उतर फेंकेगी.
© 2022 Postnxt. All Rights Reserved.











